Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तिरूवनंतपुरम में भाजपा की बड़ी जीत

भाजपा

तिरूवनंतपुरम। केरल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी के लिए केरल से अच्छी खबर आई है। राजधानी तिरूवनंतपुरम में भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने नगर निगम के 101 वार्डों में से 50 वार्डों पर जीत दर्ज की है। पिछले 45 साल से यहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट एलडीएफ का कब्जा है। इस बार एलडीएफ को 29 और कांग्रेस गठबंधन यानी यूडीएफ को 19 वार्डों में ही जीत मिल पाई है।

इससे पहले 2020 में तिरुवनंतपुरम के स्थानीय निकाय चुनावों में एलडीएफ ने 52 वार्ड जीते थे। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 33 वार्ड में जीत मिली थे और यूडीएफ ने 10 वार्डों में जीत हासिल की थी। ध्यान रहे कांग्रेस नेता शशि थरूर तिरुवनंतपुरम से सांसद हैं। हालांकि पिछली बार भाजपा के राजीव चंद्रशेखर से वे बहुत कम अंतर से जीते थे। अब चंद्रशेखर केरल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

चुनाव नतीजों के बाद सांसद शशि थरूर ने लिखा कि जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र में भाजपा की जीत के लिए भाजपा को बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले के बाद कहा, ‘तिरुवनंतपुरम नगर निगम में शानदार जीत पर मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक धन्यवाद। आज का दिन केरल में कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों के कार्य और संघर्षों को याद करने का है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर काम किया। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं और हमें उन पर गर्व है’।

Exit mobile version