वृंदावन। यमुना नदी में पर्यटकों से भरी एक नाव पलट गई, जिसमें डूबने से 10 लोगों की मौत हो गई। घटना मथुरा के वृंदावन में हुई। हादसे में सात महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हुई है। मरने वालों में पति-पत्नी और पिता व पुत्री भी शामिल हैं। नाव में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे। जिले के कलेक्टर चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, हादसा दोपहर करीब तीन बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहारी मंदिर से थोड़ी ही दूरी पर है। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार पर्यटकों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।
हादसे के बाद राहत और बचाव के लिए सेना को तैनात किया गया गया। गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम भी वृंदावन बुलाई गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शैलेश पांडेय ने बताया कि पर्यटक दो नावों में सवार थे, जिसमें से एक पलट गई। उस पर 25 से 27 लोग सवार थे। इनमें से 10 लोगों की मौत हुई है। 12 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। तीन से पांच लोगों के अभी लापता होने की सूचना है।
हादसे के बाद नाविक फरार हो गया। शुरुआती जांच से पता चला है कि नाव की क्षमता 15 श्रद्धालुओं की थी, लेकिन नाविक ने 25 या उससे ज्यादा लोगों को बैठा लिया था। बताया जा रहा है कि सभी पर्यटक पंजाब में लुधियाना, हिसार, और मुक्तेश्वर से थे। यमुना नदी के बीच में नाव तेज हवा से अचानक डगमगाने लगी थी। उसी बीच नाव की स्पीड भी बढ़ गई। तभी नाव पीपा पुल से टकराकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नाविक या पर्यटक में से किसी ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।
