नई दिल्ली। संसद की स्थायी समितियों को नए सिरे से गठित किया जा रहा है। कई अहम संसदीय समितियों में बदलाव हुए हैं और कई में बदलाव होंगे। हालांकि गृह मामलों की संसदीय समिति का अध्यक्ष भाजपा के राधामोहन दास अग्रवाल को बनाए रखा गया है। इसी तरह रक्षा मामलों की संसदीय समिति का प्रमुख भाजपा के वरिष्ठ सांसद राधामोहन सिंह बने रहेंगे। कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह के रिटायर होने से शिक्षा से जुड़ी संसदीय समिति में बदलाव होगा।
कांग्रेस के मुकुल वासनिक को शिक्षा मंत्रालय से जुड़ी संसदीय समिति का अध्यक्ष बनाए जाने की खबर है। जानकार सूत्रों का कहना है कि ममता बनर्जी की पार्टी के दो सांसदों की अध्यक्षता वाली संसदीय समिति अब उनके हाथ से निकल जाएगी। वाणिज्य की स्थायी समिति की अध्यक्ष डोला सेन हैं, जिनकी जगह सुधांशु त्रिवेदी के अध्यक्ष बनने की खबर है। ऐसे ही कीर्ति आजाद की जगह काकोली घोष दस्तीदार को एक संसदीय समिति की अध्यक्षता मिलने की खबर है।
भाजपा ने अपने सांसदों की अध्यक्षता वाली कमेटी में भी बदलाव किया है। श्रम, कपड़ा और कौशल विकास की स्थायी समिति की अध्यक्षता बसवराज बोम्मई की जगह शशांक मणि को दी गई है। इसी तरह कानून, न्याय व कार्मिक विभाग के जुड़ी कमेटी की जिम्मेदारी बृजलाल की जगह सुजीत कुमार को दी गई है। रेलवे की स्थायी समिति की अध्यक्षता सीएम रमेश से लेकर सुधीर गुप्ता को दी गई है।
