नई दिल्ली। बढ़ते वायु प्रदूषण से हो रही परेशानी के बीच केंद्र सरकार ने गाड़ियों के प्रदूषण सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में बदलाव करने का फैसला किया है। सरकार की ओर से जारी नए नियमों के तहत छह साल तक पुरानी बीएस छह म़ॉडल की निजी गाड़ियों का प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट अब तीन साल तक वैध रहेगा। वहीं, छह साल से ज्यादा और 10 साल तक पुरानी निजी गाड़ियों को हर साल सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। गुरुवार को राजपत्र में प्रकाशित होते ही ये नियम लागू हो गए। नए नियमों में निजी और कॉमर्शियल वाहनों के लिए प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट की अलग अलग वैधता अवधि तय की गई है। ये बदलाव केंद्रीय मोटर वाहन कानून के तहत किए गए हैं।
नए नियमों के मुताबिक, अगर मौजूदा सर्टिफिकेट की वैधता समाप्त होने से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल कराया जाता है, तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट के समाप्त होने की तारीख से प्रभावी होगा। यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए सर्टिफिकेट पर बदली हुई वैधता अवधि पहली बार रिन्यू कराने के बाद लागू होगी।
