Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर पांच राज्यों में हिंसा

नई दिल्ली। दुर्गा पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन को लेकर देश के पांच राज्यों में हिंसा हुई है और सांप्रदायिक तनाव पैदा हुआ है। उत्तर प्रदेश के अलावा तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और झारखंड में धार्मिक विवाद हुआ है। तेलंगाना में हैदराबाद के मुथ्यलम्मा मंदिर में सोमवार सुबह देवी मां की मूर्ति तोड़ दी गई। इसको लेकर सुबह विरोध प्रदर्शन हुए। भाजपा की नेता और हैदराबाद से चुनाव लड़ीं माधवी लता ने मूर्ति तोड़ने वालों को नतीजे भुगतने की चेतावनी दी। उन्होंने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। हालांकि उनको पुलिस ने हिरासत में ले लिया। केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी भी मंदिर पहुंचे थे।

उधर पश्चिम बंगाल में रविवार रात एक विशेष समुदाय के लोगों ने हावड़ा जिले के श्यामपुर इलाके में दुर्गा पंडाल में तोड़फोड़ की। भाजपा का दावा है कि, अराजक तत्वों ने दुर्गा मां की मूर्ति में भी आग लगाई। इसी तरह कर्नाटक के बेलगावी जिले के सोलापुर गांव में रविवार रात दुर्गा माता की मूर्ति के अपमान के बाद दो समूहों के बीच झड़प हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हुए। उत्तर प्रदेश के बहराइच में दुर्गा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में फायरिंग और पत्थरबाजी हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। झारखंड के गढ़वा में रविवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई।

Exit mobile version