नई दिल्ली। जैसे जैसे कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट्स के फॉलोअर्स की संख्या बढ़ रही है वैसे वैसे उनकी मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। इस सोशल मीडिया अकाउंट्स का संचालन करने वालों ने शनिवार को सरकार पर इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने और वेबसाइट बंद करने का आरोप लगाया। पार्टी ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।
बाद में इस सोशल मीडिया अकाउंट के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दोपहर करीब सवा बजे एक्स पर कहा, ‘सरकार ने हमारी वेबसाइट बंद कर दी है। उस पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। छह लाख लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर साइन किए थे’। दीपके ने आगे लिखा, ‘सरकार कॉकरोच से इतनी डरी हुई क्यों है? लेकिन यह तानाशाही रवैया भारत के युवाओं की आंखें खोल रहा है। आप अकाउंट को हैक करके उन पर रोक लगा सकते हैं, लेकिन आप इस आंदोलन को हैक नहीं कर सकते’।
इस बीच जाने माने पर्यावरणविद और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने ‘कॉकरोच मूवमेंट’ का समर्थन किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘मैं न बेरोजगार हूं, न आलसी, इसलिए पार्टी का सदस्य नहीं बन सकता। लेकिन मैं खुद को ऑनरेरी कॉकरोच मानता हूं’। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से अकाउंट बनने के बाद पिछले आठ दिनों में शनिवार दोपहर तक इंस्टाग्राम पर दो करोड़ 20 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं। एक्स पर पहला अकाउंट ब्लॉक हो गया था। 21 मई को नया अकाउंट बना और उस पर भी फॉलोअर्स की संख्या दो लाख पार हो चुकी है।
