नई दिल्ली। उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश में ठंड से 24 घंटे में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि बिहार में दो लोगों के मरने की खबर है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में ठंड का असर तेज हो रहा है। उधर अरुणाचल प्रदेश की सेला झील का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें चार पर्यटक फंसे हुए नजर आ रहे हैं। ये सभी जमी हुई झील पर चलते समय उसमें फंस गए। हालांकि बाद में उनको निकाल लिया गया।
रविवार को देश के 14 राज्यों में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे की वजह से दृश्यता घट गई और इस कारण दिल्ली में रविवार को डेढ़ सौ से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। इतना ही नहीं आधा दर्जन से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ी। राजधानी दिल्ली में कोहरे की वजह से 60 से ज्यादा ट्रेनें भी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचीं। दिल्ली में पिछले दिन दिन में कुल नौ सौ से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं।
उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। रविवार को पूरे प्रदेश में कोहरा छाया हुआ है। कई जिलों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। ट्रेन, फ्लाइट और बसें देरी से चल रही हैं। ठंड से प्रदेश में 24 घंटे में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। सीजन में पहली बार आगरा में 12वीं तक के स्कूल आठ जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। उधर मध्य प्रदेश के मंडला में तापमान चार डिग्री तक पहुंच गया है। राज्य के कई जिलों में अगले दो दिन में ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कश्मीर और चिनाब घाटी में भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भी सात जिलों में भारी बर्फबारी के आसार हैं। साथ ही राज्य में शीत लहर की स्थिति भी बनी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बिजली गिरने और तेज हवा चलने का अलर्ट है। इसके अलावा एक दर्जन से ज्यादा राज्यों जैसे दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में कोहरा रहने का अनुमान है।