Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उत्तर भारत में लौटी ठंड

Cold Wave Alert Snowfall

नई दिल्ली। मकर संक्रांति के बाद ऐसा लग रहा था कि ठंड जा रही है लेकिन एक बार फिर समूचे उत्तर भारत में ठंड लौट आई है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तीनों पहाड़ी राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई है। वही मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई है।

पहाड़ों में बर्फबारी और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की वजह से ठंड फिर से लौट आई है। मौसम विभाग ने बताया है कि कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी पड़े हैं। पहाड़ी राज्यों के साथ साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलीं, जिससे ठंड बढ़ गई। बुधवार को पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड से लेकर भीषण ठंड जैसी स्थिति बनी हुई है। पंजाब के कुछ हिस्सों में शीत लहर दर्ज की गई है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान अमृतसर में दर्ज किया गया, जहां पारा 3.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से दो फरवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। सो, कम से कम दो फरवरी तक कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की संभावना है।

Exit mobile version