Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस कार्य समिति ने मनमोहन को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस कार्य समिति ने गहरा शोक जताया है। मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार शाम को कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक हुई। गौरतलब है कि एक दिन पहले गुरुवार को कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्य समिति की विशेष बैठक हुई थी और शुक्रवार को बेलगावी में ही कांग्रेस की एक बड़ी रैली होने वाली थी, जिसे मनमोहन सिंह के निधन की वजह से रद्द कर दिया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया। कांग्रेस ने बेलगावी रैली के साथ साथ पार्टी के स्थापना दिवस से जुड़े सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रम तीन जनवरी के बाद शुरू होंगे। मनमोहन का पार्थिव शरीर शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक संदेश जारी किया है। उन्होंने लिखा है- हमने एक ऐसे नेता को खो दिया है जो ज्ञान, बड़प्पन और विनम्रता के प्रतीक थे, जिन्होंने पूरे दिल और दिमाग से हमारे देश की सेवा की। उनकी दूरदर्शिता ने लाखों भारतीयों का जीवन बदल दिया और उन्हें सशक्त बनाया। सोनिया ने आगे लिखा है- मेरे लिए डॉ. मनमोहन सिंह का निधन एक गहरी व्यक्तिगत क्षति है। वे मेरे मित्र और मार्गदर्शक थे। उनका व्यवहार बहुत ही सौम्य था, लेकिन अपने विश्वासों के प्रति वे बहुत दृढ़ थे। वे एक ऐसा शून्य छोड़ गए जिसे कभी नहीं भरा जा सकता। कांग्रेस पार्टी और भारत के लोग हमेशा गर्व और आभारी रहेंगे कि हमारे पास डॉ. मनमोहन सिंह जैसे नेता थे जिनका भारत की प्रगति और विकास में अतुलनीय योगदान है।

Exit mobile version