नई दिल्ली। ईरान में चल रही जंग की वजह से देश भर में रसोई गैस की किल्लत हो रही है और इसे लेकर सरकार लगातार नियमों में बदलाव कर रही है। अब नया नियम बनाया गया है कि ग्रामीण इलाकों में रसोई गैस की बुकिंग 45 दिन से पहले नहीं होगी। खुद पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में दो सिलेंडर के बीच 45 दिन का अंतर रखना होगा। इससे पहले शहरों में बुकिंग का समय 21 दिन से बढ़ा कर 25 दिन किया गया था।
गौरतलब है कि ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले की वजह से होरमुज की खाड़ी बंद है। इससे भारत में रसोई गैस की भारी किल्लत हो रही है। लगभग सभी शहरों व कस्बों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें हैं। सिलेंडर की कालाबाजारी भी हो रही है। बिहार के कई शहरों में एक हजार रुपए वाले घरेलू सिलेंडर के लिए दो हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं। मध्य प्रदेश और गुजरात में 19 सौ रुपए का कॉमर्शियल सिलेंडर चार हजार में बिकने की खबर आई है।
कई जगह कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक से होटलों और रेस्तरां ने इंडक्शन चुल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया है। इससे बाजार में इंडक्शन की डिमांड भी बढ़ गई है। ई कॉमर्स वेबसाइट्स पर अचानक इंडक्शन की मांग कई गुना बढ़ गई है। इसके बावजूद कैंटीन, होटल, रेस्तरां, ढाबा आदि बंद हो रहे हैं।
