Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दतिया उपचुनाव: कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी पर नौ हजार से अधिक मतों से बढ़त बनाई

Datia [Madhya Pradesh], Jul 13 (ANI): Congress candidate from Datia, Ghanshyam Singh, files his nomination for the Datia by-election in the presence of Congress leader Umang Singhar and other party leaders, in Datia on Monday. (ANI Photo)

मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए सोमवार को नौवें दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आशुतोष तिवारी पर 9,519 मतों की बढ़त बना ली।

इसके साथ ही कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में जश्न की शुरुआत हो गई और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। अभी मतगणना के छह और दौर बाकी हैं तथा पिछले सात दौर से कांग्रेस प्रत्याशी लगातार बढ़त हासिल किए हुए हैं।

सिर्फ शुरुआती दो दौर की मतगणना में तिवारी आगे रहे। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि 15 दौर की मतगणना में से नौ दौर की समाप्ति तक घनश्याम सिंह को 44,958 मत मिले, जबकि तिवारी को 35,439 मत प्राप्त हुए।

Also Read : पीओके में ‘ब्रॉड पीक’ पर हिमस्खलन होने से नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुर्जा की मौत

आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव को 32,789 मत मिले हैं जो तीसरे स्थान पर हैं। मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू हुई।

यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की अदालत द्वारा इस वर्ष अप्रैल में तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाए जाने और उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद कराया गया।

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी सहित कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान में 71.44 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

राजेंद्र भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेता एवं प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक मतों से पराजित किया था। इस उपचुनाव में भाजपा ने मिश्रा को टिकट न देकर तिवारी पर भरोसा जताया।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version