nayaindia Delhi Flood बाढ़ में डूबे कई इलाके, तीन बच्चों की मौत
News

बाढ़ में डूबे कई इलाके, तीन बच्चों की मौत

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लगातार चौथे दिन यमुना का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर रहा। कई इलाके बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। शुक्रवार को यमुना के जलस्तर में मामूली कमी आई। गुरुवार को 208.66 मीटर तक पहुंचने के बाद शुक्रवार को शाम छह बजे तक जलस्तर 208.17 पहुंच गया था। इस बीच दिल्ली सरकार ने ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को चालू कर दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को बताया था कि वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद कर दिया गया है क्योंकि इनमें पानी घुस गया है।

बहरहाल, शुक्रवार को ओखला का प्लांट शुरू हो गया और मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि अगर शनिवार तक यमुना का जलस्तर 207.7 तक आ जाता है तो वजीराबाद और चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी शुरू हो जाएगा। गौरतलब है कि तीन प्लांट बंद होने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस बीच बाढ़ को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ आप ने हथिनीकुंड बराज से पानी छोड़े जाने को भाजपा की साजिश बताया तो भाजपा ने बाढ़ को आप सरकार की विफलता करार दिया दिया।

बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावि पूर्वी दिल्‍ली में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मुकुंदपुर चौक पर बाढ़ के पानी में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। तीनों किशोर बाढ़ के पानी में नहाने के लिए गए थे। पुलिस के मुताबिक, मुकुंदपुर में एक ग्राउंड में पानी भरा था। उसी में नहाने के लिए तीन बच्‍चे गए थे। उनकी उम्र 12 से 14 साल के बीच थी। हादसे के थोड़ी ही देर के बाद तीनों किशोरों के शवों को पानी से बाहर निकाल लिया गया।

बहरहाल, यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी की वजह से दिल्ली में लाल किले से सुप्रीम कोर्ट तक सड़कों पर पानी भर गया है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लाल किला, राजघाट और कश्मीरी गेट तक पहुंच गया है। हालात बिगड़ते देख मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ड्रेनेज ठीक करने के लिए सेना की मदद मांगी। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि आईटीओ के पास 12 नंबर ड्रेनेज का रेगुलेटर टूटने से बाढ़ का पानी आ रहा है। दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और केजरीवाल ने आईटीओ के पास टूटे ड्रेनेज का निरीक्षण किया।

इस बीच यमुना के आसपास के इलाकों से 23 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन करके दिल्ली में बाढ़ के हालात के बारे में जानकारी ली। बाढ़ के हालात को देखते हुए राजधानी के सभी स्कूल-कॉलेज रविवार तक बंद रहेंगे। सरकारी दफ्तरों में वर्कफ्रॉम होम लागू कर दिया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें