नई दिल्ली। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में और देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। इस बारिश के बाद हुए जलभराव और गाड़ियों के जाम से लगातार दूसरे दिन लोगों का जनजीवन बेहाल रहा है। दिल्ली से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव क्षेत्र वाराणसी तक एक जैसा हाल दिखा। सड़कों पर तीन फीट से ज्यादा पानी भरा था और गाड़ियां डूबी थीं। काशी में लोगों के घरों में पानी घुस गया। वाराणसी में तो मंगलवार को लगातार 15 घंटे झमाझम बारिश हुई।
भारी बारिश से वाराणसी की गलियां तालाब बन गईं। पानी घरों में घुस गया। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी यानी बीएचयू अस्पताल में घुटनों तक पानी भर गया। लोग मरीजों को कंधे पर बैठाकर वार्ड तक ले जाते दिखाई दिए। दिल्ली और एनसीआर में भी मंगलवार सुबह लगातार दूसरे दिन तेज बारिश हुई है। एम्स फ्लाईओवर, कनॉट प्लेस, आईटीओ और आरके पुरम समेत कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया था।
दिल्ली और गुरुग्राम को जोड़ने वाले एनएच 48 पर बड़ा ट्रैफिक जाम लगा। दिल्ली हवाईअड्डे ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। गुरुग्राम में सोमवार को कई जगह तीन फीट से ज्यादा पानी भरने के बाद मंगलवार को सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया। सोमवार को कई स्कूल बसें तीन से छह घंटे तक पानी में फंसी रहीं, जिनमें छोटे बच्चे थे। उसके बाद ही मंगलवार को वर्क फ्रॉम होम का निर्देश जारी हुआ।
अगर देश के दूसरे हिस्सों की बात करें तो मध्य प्रदेश के भोपाल सहित कई जिलों में भी तेज बारिश हुई। विदिशा के बाजार में पानी भर गया और भोपाल में ट्रैफिक प्रभावित हुआ। प्रदेश में अब तक 28.75 इंच बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड और केरल सहित 15 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी बुधवार को बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।
