Donald Trump: अमेरिका में चार साल के अंतराल पर फिर से ट्रंप राज शुरू हो गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति की शपथ ली।
ट्रंप की शपथ से पहले अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में कोल्ड इमरजेंसी लागू करनी पड़ी क्योंकि तापमान माइनस पांच डिग्री पहुंच गया।
तभी उनका शपथ ग्रहण समारोह यूएस कैपिटल बिल्डिंग के अंदर हुआ। शपथ समारोह स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 12 बजे और भारतीय समय के मुताबिक रात साढ़े 10 बजे शुरू हुआ। ट्रंप के शपथ समारोह में दुनिया भर से कई खास मेहमान शामिल हुए।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स ने ट्रंप को राष्ट्रपति पद की और जेडी वेंस को उप राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई।(Donald Trump)
also read: क्या न्यायपालिका मोदी सरकार से नाराज है…?
शपथ से पहले ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ सेंट जॉन चर्च गए थे। इसके बाद दोनों राष्ट्रपति भवन पहुंचे, जहां जो बाइडेन और उनकी पत्नी ने दोनों का स्वागत किया।
अमेरिका में यह परंपरा रही है कि राष्ट्रपति पद की शपथ से पहले निर्वाचित राष्ट्रपति व्हाइट हाउस जाता है और वहां से कैपिटल बिल्डिंग पहुंचता है। हालांकि पिछली बार ट्रंप ने इस परंपरा का पालन नहीं किया था।
उधर राष्ट्रपति पद छोड़ने से चंद घंटे पहले जो बाइडेन ने अनेक लोगों को माफी दी। उन्होंने डॉ. एंथनी फौची को भी माफी दी, जो कोरोना महामारी के समय काफी चर्चा में रहे थे।
बाइडेन ने जनरल मार्क मिले और छह जनवरी 2021 को कैपिटल बिल बिल्डिंग पर हुए हमले की जांच के लिए बनी कमेटी के सदस्यों को माफी दी।(Donald Trump)
इस बीच ट्रंप की शपथ से पहले ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें दूसरी बार राष्ट्रपति बनने की बधाई दी और कहा कि वे रूस व यूक्रेन युद्ध पर बातचीत के लिए तैयार हैं।
ट्रंप के शपथ समारोह में मेहमान
बहरहाल, ट्रंप के शपथ समारोह में भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल हुए। उन्होंने शपथ समारोह से पहले वाशिंगटन में जापान और ऑस्ट्रेलिया के अपने समकक्षों से मुलाकात की।
ट्रंप के शपथ समारोह में शामिल अन्य वैश्विक मेहमानों में चीन के उप राष्ट्रपति के साथ जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री भी शामिल हैं।(Donald Trump)
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सहित कई देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति शामिल हुए। अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में हुए शपथ समारोह में करीब सात सौ लोग शामिल हुए।
शपथ समारोह से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार रात को वॉशिंगटन में विक्ट्री स्पीच दी। इसमें उन्होंने बढ़ चढ़ कर दावे किए। ट्रंप ने दावा किया कि दुनिया तीसरे विश्व युद्ध के बहुत करीब है और वे दुनिया में तीसरा विश्व युद्ध होने से रोकेंगे।
ट्रंप ने इजराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम का भी श्रेय लिया। उन्होंने कहा कि यह ट्रंप इफेक्ट है। उनके चुनाव जीतने के महज तीन महीने के भीतर गजा में युद्धविराम हो गया है।
ट्रंप ने यूक्रेन में जारी जंग और पश्चिम एशिया के देशों में फैली अराजकता को रोकने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि सोमवार को उनकी शपथ के बाद अमेरिकी पतन के चार साल का अंत हो जाएगा। ट्रंप ने कहा कि उनके काम की शुरुआत मेक्सिको बॉर्डर सील करने से होगी।