Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

विजयन के घर ईडी का छापा

तिरुवनंतपुरम। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीएम के वरिष्ठ नेता पिनरायी विजयन के घर सहित कई परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने छापा मारा। ईडी ने धनशोधन से जुड़े मामले में बुधवार की सुबह छापेमारी की। इस दौरान सीपीएम के कार्यकर्ताओं ने ईडी की टीम पर हमला कर दिया। कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों के घायल होने की खबर है।

इससे पहले ईडी की 12 सदस्यों की एक टीम बुधवार सुबह सात बजे तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के घर छापा मारने पहुंची थी। यह विजयन का किराए वाला घर है। छापे के दौरान विजयन और उनका परिवार घर में मौजूद था। जैसे ही ईडी की छापेमारी की खबर फैली वैसे ही पार्टी के नेता और विजयन के समर्थक उनके घर के बाहर जुटने लगे। दोपहर करीब दो बजे टीम बाहर निकली तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी। कारों के शीशे तोड़ दिए गए और लाठी से भी हमला किया।

बहरहाल, ईडी की यह कार्रवाई विजयन की बेटी वीणा की कंपनी से जुड़े एक मामले में हुई है। वीणा की कंपनी के ऊपर बिना काम के पौने दो करोड़ रुपए के मासिक भुगतान के आरोप लगे थे। इस सिलसिले में ईडी ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित किराए के घर पर छापा मारा। उनकी बेटी वीणा विजयन भी वही रहती हैं। इसके अलावा कन्नूर में विजयन का पुश्तैनी घर पर भी छापा मारा गया। कोझिकोड में विजयन के दामाद और सीपीएम विधायक पीए मोहम्मद रियास के घर पर छापा मारा गया।

इस बीच ईडी के छापे की कार्रवाई पर विजयन ने कहा, ‘काफी समय से ईडी मेरे घर की तलाशी लेना चाहती थी। मुझे लगता है कि इस तलाशी से कुछ लोगों को खासकर राहुल गांधी जैसे किसी व्यक्ति को बहुत संतुष्टि मिलेगी’। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी ने यही सवाल पूछा था कि मेरे घर छापा क्यों नहीं मारा जा रहा है, गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश में विपक्षी नेताओं पर हमेशा से जान बूझकर हमले करती रही है’।

Exit mobile version