Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में दीवार गिरने से आठ की मौत

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को जबरदस्त बारिश हुई। शुक्रवार की देर रात से शुरू हुई बारिश शनिवार को पूरे दिन होती रही। रक्षाबंधन और बारिश की वजह से दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में ट्रैफिक जाम रहा। दिल्ली के जैतपुर थाना इलाके में शनिवार दोपहर एक घर की दीवार गिरने से आठ लोगों की दबकर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। देर शाम तक राहत व बचाव कार्य जारी था।

दिल्ली शुक्रवार देर रात से हो रही तेज बारिश के चलते तीन सौ से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई। कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने शनिवार को दिन भर के लिए मौसम का रेड अलर्ट जारी किया था। दिल्ली के अलावा एनसीआर क्षेत्र में भी भारी बारिश हुई। पलवल जिले में हथीन खंड के गांव कुमरेहडा से मालूका जाने वाली सड़क पर गुरुग्राम कैनाल पर बने मुख्य नहर का पुल टूट गया। इसके टूटने से आने जाने वाले लोगों का रास्ता बंद हो चुका है।

उधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के शरोद नाले में बादल फटा है। हालांकि इससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन शरोद नाले से सटे बरोगी नाले का जलस्तर बढ़ गया है। भूस्खलन के चलते चंडीगढ़-मनाली हाईवे भी बंद हो गया है। उत्तर प्रदेश में भी लगातार बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं। अमरोहा में तीन दिन की लगातार बारिश के बाद एक बाइक सवार पर जर्जर मकान ढह गया। जौनपुर में भी मकान गिर गया। चंदौली में शुक्रवार देर रात बारिश से एक कच्चा मकान ढह गया। मलबे में दबने से बाप-बेटे की मौत हो गई।

Exit mobile version