Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अहमदाबाद की अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट

gujarat university hostel Afghanistan Student

gujarat university hostel Afghanistan Student

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में शनिवार को भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई। घटना अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके की है, जहां अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में वहां काम करने वाले नौ कर्मचारियों की मौत हो गई और करीब 15 घायल हो गए। हादसे की जगह से करीब एक किलोमीटर दूर रैपिड एक्शन फोर्स यानी आरएएफ का शिविर है।

बताया गया है कि धमाके की आवाज सुनते ही आरएएफ के जवान तुरंत घटनास्थल पहुंचे और लोगों को बचाया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज पांच किलोमीटर तक सुनाई दी। धमाके की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। हादसे के समय फैक्टरी में करीब 25 लोग काम कर रहे थे। अवैध फैक्टरी के मालिक मेहुल डोडिया को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस हादसे में मेहुल की मां रमीला डोडिया भी घायल हो गई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया है कि रामोल गटराड रोड पर खुले मैदान में मेहुल डोडिया नाम का व्यक्ति पटाखा फैक्टरी चला रहा था। फैक्टरी का लाइसेंस पहले ही रद्द हो चुका था, इसके बावजूद वहां पटाखे बनाए जा रहे थे। खुले मैदानों में पत्तों और तिरपाल की बाड़ लगाकर पटाखे बनाए जा रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजन के लिए दो दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की मदद का ऐलान किया है। राज्य सरकार मृतकों के परिवार को चार लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की मदद देगी।

Exit mobile version