श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कश्मीर को लेकर अत्यंत विवादित बयान दिया है। उन्होंने पाकिस्तान के प्रति खुल कर प्रेम दिखाया है और कहा कि पाकिस्तान ही कश्मीर और कश्मीरियों को बचा रहा है। फारूक अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी नीयत ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हर वैश्विक मंच पर कश्मीर का मुद्दा उठा कर उसे बचा रहा है। उन्होंने कश्मीर के लोगों को केंद्र का मुकाबला करने के लिए ललकारा।
फारूक अब्दुल्ला ने कहा है, ‘दिल्ली की सरकार हमारी मदद नहीं कर सकती। हमारे पड़ोसी को देखिए वह हर जगह कश्मीर का मुद्दा उठा रहा है। वह हमें बचा रहा है, वरना हमारी सरकार की नीयत ठीक नहीं है’। बारामूला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फारूक ने कहा, ‘केंद्र सरकार बड़े बड़े दावे करती हैं और बातचीत की बातें करते हैं, लेकिन दिल्ली से आप क्या उम्मीद कर सकते हैं। उनका सामना कीजिए। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे, तो हमारी पहचान मिट जाएगी’।
फारूक ने राज्य के लोगों को ललकारते हुए कहा, ‘जब तक आप अपने पैरों पर खड़े नहीं होते, तब तक आपको कभी सम्मान नहीं मिलेगा, मेरी यह बात याद रखना। अगर आप अपने पैरों पर खड़े होना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने रब को याद करें और उनके दिखाए रास्ते पर चलें’। उन्होंने कहा, ‘बहुत से लोग आए और चले गए। हमने राजनीति में ऐसे बड़े बड़े दिग्गजों को देखा है, जिन्होंने हम पर जुल्म किए। याद रखें, जब तक आप एकजुट नहीं होंगे, तब तक आप कुछ भी हासिल नहीं कर पाएंगे’।
भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा, ‘भारत के बाकी हिस्सों में जहां भाजपा की सरकार है, क्या आप देख रहे हैं कि कैसे लोगों की बस्तियां उजाड़ी जा रही हैं, उनके घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं और उनकी दुकानें तोड़ी जा रही हैं? क्या आपसे कुछ छिपा है’।
फारूक अब्दुल्ला के इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा, ‘फारूक अब्दुल्ला के भीतर का पाकिस्तान समय समय पर जाग जाता है। जब उनके अंदर का पाकिस्तान सामने आता है, तो वे इस तरह के गैर जिम्मेदाराना बयान देते हैं। ऐसे बेतुके बयान देने से पहले फारूक अब्दुल्ला को सोचना चाहिए’। विश्व हिंदू परिषद के नेता विनोद बंसल ने कहा, ‘कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा। ये भारत में रहते हैं और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, पाकिस्तान की वजह से कश्मीर सुरक्षित है या भारत की ताकत के दम पर पाकिस्तान को दिखाने से कश्मीर सुरक्षित है’?
