जयपुर। राजस्थान के बाडमेर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 21 अप्रैल को जिस रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे उसमें सोमवार को भीषण आग लग गई। इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री की यात्रा टाल दी गई है। असल में सोमवार को बाड़मेर के नजदीक बालोतरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड यानी एचपीसीएल की रिफाइनरी में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग रिफाइनरी में कच्चे तेल को साफ करने वाली दो यूनिट में लगी। मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने दो से तीन घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान यूनिट से लपटें उठती रहीं।
करीब 80 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनी इस रिफाइनरी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उद्घाटन करने वाले थे। इस घटना के बाद उनका दौरा स्थगित हो गया है। पुलिस ने बताया है कि आग लगते ही पूरे इलाके को खाली करा लिया गया था और किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि नुकसान और आग लगने के कारणों का आकलन की जा रहा है।
इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। बताया गया है कि करीब साढ़े चार हजार एकड़ में बनी इस रिफाइनरी में विदेशों से मंगाए जाने वाले कच्चे तेल को प्रोसेस करने और उससे अलग अलग प्रोडक्ट तैयार करने के लिए पूरा कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। यहां सालाना 90 लाख टन कच्चा तेल साफ किया जा सकता है।
