मुंबई। फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ के ऊपर रविवार की शाम को फायरिंग हुई। हमलावरों ने पांच राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि टाइगर श्रॉप को गोली नहीं लगी, लेकिन अंधाधुंध फायरिंग में उनका ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गया। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। लॉरेंस गैंग के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पोस्ट लिख कर हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा उसके साथ ऐसा ही होगा। टाइगर श्रॉफ मशहूर फिल्म स्टार जैकी श्रॉफ के बेटे हैं।
बहरहाल, पुलिस के मुताबिक बाइक सवारों ने जुहू में टाइगर श्रॉफ के ऊपर पांच राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि, टाइगर फुटबॉल खेलकर कार से लौट रहे थे। जब वह जुहू के पुष्पा पार्क के पास पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा हो गई। तभी एक बाइक पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे। हमलावरों ने बिना किसी कहासुनी के अचानक टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। टाइगर के ड्राइवर और पास में मौजूद एक ऑटो रिक्शा चालक को गोली लगी है।
हमले के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है, जिसमें लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली। इसमें लिखा कि सलमान खान के साथ काम करने वाले का यही अंजाम होगा। अनिल पंडित के साथ हरमन संधू ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, ‘हमने इसे समझाया था, इसको समझ नहीं आया। आज हमने इसको सही से समझा दिया है। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो हमारी बात नहीं सुनेगा, या सलमान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसी का होगा’।
गौरतलब है कि लॉरेंस गैंग ने काला हिरन मामले की वजह से सलमान खान को भी धमकी दे रखी है। दो साल पहले अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। वे भी सलमान के करीबी थे। लॉरेंस गैंग ने ही उस कांड की भी जिम्मेदारी ली थी। बहरहाल, रविवार को टाइगर श्रॉप पर हमले के बाद पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की बाइक का नंबर और उनकी पहचान की जा सके। पुलिस चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।
