Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

लारीजानी के बाद खातिब की भी मौत

नई दिल्ली। ईरान की सुरक्षा के प्रमुख अली लारीजानी के बाद देश की इंटेलिजेंस मंत्री इस्ममाइल खातिब की मौत हो गई है। इजराइल ने खातिब की मौत का दावा किया था। बुधवार को ईरान ने इसकी पुष्टि की है। लारीजानी और इस्माइल खातिब की मौत से ईरान की सुरक्षा और इंटेलिजेंस दोनों व्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। हालांकि ईरानी सेना का ढांचा बहुत व्यवस्थित है लेकिन अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद ये दो लोग युद्ध में अहम भूमिका निभा रहे थे।

बुधवार को ईरान की राजधानी तेहरान में सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी का अंतिम संस्कार हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग जुटे। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस बीच लारीजानी को लेकर एक नया दावा सामने आया है। उनके करीबी सहयोगी के मुताबिक, लारीजानी को अपनी मौत की आशंका थी। सहयोगी ने कहा कि जब उनसे पूछा गया कि अगर वह मारे जाएं तो संदेश की शुरुआत कैसे हो, तो लारीजानी ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘लिखना कि खुदा का बंदा, खुदा के पास लौट गया’।

उधर रूस ने ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी की हत्या की कड़ी निंदा की है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि किसी भी संप्रभु देश के नेतृत्व को निशाना बनाना गलत है और इस तरह की कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि रूस उन सभी कदमों की निंदा करता है, जिनका मकसद किसी देश के नेताओं को नुकसान पहुंचाना या उन्हें खत्म करना हो।

Exit mobile version