Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चार लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया

नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान अकवान शुक्रवार की सुबह साढ़े सात से साढ़े आठ बजे के करीब आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच गोपालपुर तट से टकराया। हालांकि उस समय तक इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई थी। टकराने के दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। हालांकि तेज बारिश के कारण कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ।

तूफान के असर से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश हो रही है। ओडिशा में करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। इनके लिए करीब साढ़े नौ हजार राहत शिविर बनाए गए हैं। पूरे राज्य में सवा चार सौ के करीब राहत टीमें तैनात की गई हैं। तूफान के चलते पूर्वी रेलवे ने 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी हैं। वहीं, 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक तूफान का असर 10 राज्यों में पड़ा है। तमिलनाडु, पुडुचेरी के अलावा मध्य प्रदेश और झारखंड में भी मौसम बदला है। झारखंड में शुक्रवार को कई हिस्सों में बारिश हुई। चक्रवात अकवान के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बहुत भारी बारिश हो रही है। खराब मौसम को देखते हुए गंगासागर में प्रशासन लगातार घोषणाएं कर रहा है और तीर्थयात्रियों व पर्यटकों से समुद्र तट खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है।

Exit mobile version