Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

फ्रांस में हिंसा जारी, मेयर के घर पर हमला

पेरिस। फ्रांस के नेन्तेरे में मंगलवार को 17 साल के लड़के की पुलिस के हाथों हुई मौत के बाद भड़की हिंसा जारी है। वहां के मेयर के घर पर हमला हुआ, जिसमें उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात सर्च ऑपरेशन चलाया और 719 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन पर हिंसा में शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तार लोगों की संख्या करीब 17 सौ हो चुकी है।

रविवार को गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा- पुलिस ने शनिवार रात सर्च ऑपरेशन शुरू किया और इस दौरान 719 लोगों को गिरफ्तार किया गया। हिंसा में काफी हद तक कमी आ चुकी है। हमने फैसला किया है कि जल्द से जल्द आरोपियों पर केस शुरू किए जाएंगे ताकि बाकी लोगों को सबक मिल सके। बयान में कहा गया है- मेयर विन्सेंट जेन्बर्न के घर पर कार घुसाकर हमला किया गया। इसमें उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उन्हें अस्पताल में  भर्ती कराया गया है। उनके दोनों बच्चे बच कर भागने में कामयाब रहे।

फ्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक- 40 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अब तक 17 सौ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से ज्यादातर प्रदर्शनकारी किशोर उम्र के हैं, जिनकी उम्र 14 से 18 साल है। दरअसल, फ्रांस की राजधानी पेरिस के सब अर्बन एरिया नेन्तेरे में 27 जून को 17 साल के लड़के नाहेल को ट्रैफिक सिग्नल पर न रुकने के बाद पुलिस ने गोली मार दी थी। इसके बाद से हिंसा जारी है। नाहेल का परिवार अल्जीरिया से आकर फ्रांस में बसा है।

Exit mobile version