Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

लंदन में गांधी की मूर्ति का अपमान

लंदन। भारत और दूसरे देशों के प्रवासियों के खिलाफ ब्रिटेन में चल रहे प्रदर्शनों के बीच लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर आपत्तिजनक नारे लिखे जाने की घटना सामने आई। उपद्रवियों ने सोमवार को प्रतिमा पर पेंट से गांधी, मोदी और हिंदुस्तानियों को आतंकी लिखा। भारतीय उच्चायोग ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उच्चायोग ने कहा है कि यह सिर्फ प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के अहिंसा और शांतिपूर्ण विचारों पर भी हमला है।

लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों को इस घटना की सूचना दी गई। इसके बाद ब्रिटिश अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस घटना की जांच कर रही है। उच्चायोग ने बयान में कहा, यह शर्मनाक घटना अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस से तीन दिन पहले हुई है और इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। उच्चायोग ने कहा, ‘हम स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रतिमा की मरम्मत और सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं’। महात्मा गांधी की इस प्रतिमा का निर्माण 1968 में हुआ था। इसे प्रसिद्ध मूर्तिकार फ्रेडा ब्रिलियंट ने बनाया था।

Exit mobile version