नई दिल्ली। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वायु प्रदूषण में कमी आई है, जिसके बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप के तीसरे चऱण की पाबंदियां समाप्त हो गई हैं। अब सभी कक्षाओं के लिए स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी और निर्माण कार्यों पर लगी पाबंदियां हटा दी जाएंगी। हालांकि ग्रैप के दूसरे चरण के तहत लगने वाली पाबंदियां जारी रहेंगी। गौरतलब है कि दो जनवरी को दिल्ली में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई तीन सौ से नीचे आ गया।
इसके बाद छोटे बच्चों यानी पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए जो स्कूल बंद थे या हाइब्रिड मोड पर चल रहे थे, वे अब पूरी तरह से खुल जाएंगे। इसके अलावा गैर जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ पर लगी पाबंदी हटा ली गई है। अब घरों के निर्माण और दूसरे निजी निर्माण कार्य फिर से शुरू हो सकेंगे। इसके साथ ही सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 फीसदी लोगों के वर्क फ्रॉम होम के आदेश को वापस ले लिया गया है। अब कार्यालय अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर सकते हैं।
इसके अलावा बीएस तीन पेट्रोल और बीएस चार डीजल कारों पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। अब ये गाड़ियां दिल्ली की सड़कों पर बिना जुर्माने के डर के चल सकेंगी। हालांकि अब भी एक्यूआई खराब श्रेणी में है इसलिए ग्रैप के दूसरे चरण की पाबंदियां लागू रहेंगी।
