Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

गुकेश, मनु, हरमनप्रीत और प्रवीण को खेल रत्न

नई दिल्ली। इस साल के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों की घोषणा हो गई है। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने गुरुवार को 2024 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का ऐलान किया। सबसे कम उम्र में विश्व चेस चैंपियनशिप जीतने वाले डी गुकेश के साथ साथ एक ओलंपिक में पहली बार दो पदक जीतने का कारनामा करने वाली मनु भाकर को भी मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार देने की घोषणा हुई है। इनके अलावा हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट खिलाड़ी प्रवीण कुमार को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

खेल रत्न के अलावा अन्य पुरस्कारों की भी घोषणा हुई है। इस साल 34 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड दिया गया है, जिनमें से एक भी खिलाड़ी क्रिकेट का नहीं है। पांच कोच को द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया जाएगा। इनमें दो लाइफ टाइम अचीवमेंट के लिए हैं। अर्जुन अवार्ड पाने वालों में 17 पैरा एथलीट हैं, जबकि दो लाइफ टाइम अचीवमेंट के लिए हैं। 17 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में इन सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

बहरहाल, मनु भाकर ने इस साल पेरिस ओलंपिक गेम्स में दो मेडल जीते थे। वे 10 मीटर एयर पिस्टल इंडीविजुअल और मिक्स्ड डबल्स में तीसरे स्थान पर रहीं। 18 साल के भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने सिंगापुर में 11 दिसंबर को वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का खिताब जीता था। उन्होंने मौजूदा चैंपियन चीन के डिंग लिरेन को हराया। वे सबसे कम उम्र में यह खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य और 2022 के एशियाई खेलों स्वर्ण पदक जीता था। प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालिंपिक 2024 में पुरुषों की ऊंची कूद में एशियाई रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

Exit mobile version