Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में तेज बारिश, दर्जनों उड़ानें रद्द

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में और एनसीआर के इलाके में सोमवार को जबरदस्त बारिश हुई। तेज बारिश की वजह से पूरे दिन दिल्ली और एनसीआर में सड़कों पर जाम लगा रहा। कई इलाकों में भारी जलजमाव हुआ। बारिश की वजह से दर्जनों उड़ानें प्रभावित हुईं। देर शाम तक की रिपोर्ट के मुताबिक 25 उड़ानें रद्द की गईं, जबकि 15 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। इनके अलावा करीब चार सौ उड़ानों में देरी हुई। एनसीआर में गुड़गांव सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां बारिश और जल भराव की वजह से लोग रास्ते में फंसे रहे। स्कूली बच्चे भी घंटों तक स्कूल बसों में फंसे रहे।

तेज बारिश के साथ आंधी और तूफान की वजह से 25 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। इसके अलावा 12 उड़ानें जयपुर, दो चंडीगढ़ और एक फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट की गई। कई विमानन कंपनियों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी की। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले उड़ान की स्थिति चेक कर लें। दिल्ली में और एनसीआर में मंगलवार को भी बारिश की संभावना है। मंगलवार को गुड़गांव में बारिश का रेड अलर्ट है। इसके चलते सभी ऑफिसेज, सरकारी व निजी स्कूलों तथा अन्य संस्थानों को सलाह दी गई है कि वे 25 अगस्त को अपने कर्मचारियों और स्टाफ को वर्क फ्रॉम होम के लिए निर्देशित करें।

अगर देश के दूसरे हिस्सों की बात करें तो उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। प्रयागराज के दारागंज घाट का शमशान डूब गया, जिससे सड़कों पर अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। उधर मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में तेज बारिश हुई। अशोकनगर में युवक बाइक समेत बह गया। प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट है। छत्तीसगढ़ के मुंगेली में पैदल जा रही एक महिला पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कोलकाता में एक भी एक महिला के ऊपर पेड़ की डाली गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

Exit mobile version