नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में पिछले दो दिन में सामान्य से दो से तीन गुना ज्यादा बारिश हो गई है। भारी बारिश की वजह से कई राज्यों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। महाराष्ट्र और गुजरात में दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक नई सेटेलाइट इमेज से पता चला है कि भारत के हिमालय से दक्षिण कोरिया तक सात से 10 हजार किलोमीटर लंबी बादलों की एक शृंखला बनी है। इससे देश कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। से देश में पिछले 2 दिनों में सामान्य से से 170 से 180 फीसदी बारिश हुई है।
बताया जा रहा है कि हिंद महासागर से आई नमी भरी हवाएं एशिया की तरफ आईं। इससे मानसून कन्वर्जेंस जोन बना है। इस वजह से मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़ और गुजरात में लगातार 60 घंटे से बारिश हो रही है। गुजरात के दक्षिण गुजरात में भारी बारिश से बाढ़ के हालात हैं। उमरगाम तालुका में पिछले 24 घंटों में 43 इंच बारिश दर्ज की गई है। इससे निचले इलाके डूब चुके हैं।
उधर महाराष्ट्र के तटीय पालघर जिले में बाढ़ के हालात हैं। कई तहसीलों के गांवों का संपर्क टूट गया है। पश्चिम रेलवे ने एहतियात के तौर पर कई इलाकों में रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया है। रेलवे के मुताबिक, ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद गुजरात सुपरफास्ट एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल-गांधीनगर कैपिटल-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस और मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल शताब्दी एक्सप्रेस गुरुवार को नहीं चली।
