पटना। देश के कई हिस्सों में प्री मानसून बारिश हो रही है। इससे कई राज्यों में हीटवेव से राहत मिली है लेकिन शुक्रवार को बिहार में आफत की बारिश हुई। मौसम विभाग ने पहले से ही आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था। शुक्रवार को पटना, खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, छपरा, पूर्वी चंपारण सहित 20 जिलों में सुबह से ही घने काले बादल घिर गए और उसके बाद भारी बारिश शुरू हो गई।
बारिश के दौरान बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा यानी बारिश होती रहेगी। मध्य प्रदेश के कई इलाकों खास कर ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में दिन में हीटवेव रही लेकिन वहां भी शाम में बादल घिरे और बारिश हुई।
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी आंधी आई और बारिश भी हुई है। शुक्रवार की सुबह लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। देश के कुल 10 राज्यों में प्री मानसून बारिश हो रही है। मौसम के मिजाज पर नजर रखने वाली यूरोप की एजेंसी के मुताबिक अगले आठ दिन में केरल, तमिलनाडु, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में ज्यादा बारिश के संकेत हैं।
