देहरादून। शुक्रवार दोपहर को बद्रीनाथ से श्रद्धालुओं को लेकर उड़ा एक हेलिकॉप्टर जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी छह लोगों की मृत्यु हो गई है। देर शाम तक राहत और बचाव के कार्य में लगे आपदा मोचन बल के जवान शवों को निकालने का काम कर रहे थे। हेलिकॉप्टर एक प्राइवेट कंपनी का था।
बताया गया है कि हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब सवा बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई। हादसे के थोड़ी देर के बाद सेना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि इस समय उत्तराखंड सहित पूरे उत्तर भारत में मौसम खराब है। शुक्रवार को कई इलाकों में बारिश हो रही थी। उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। बहरहाल, बताया गया है कि यह हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था। इसमें पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान हो गई है। इनके नाम प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज हैं। सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ानें रोक दी गई हैं। गौरतलब है कि पिछले छह साल में उत्तराखंड में करीब एक दर्जन हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं, जिनमें 21 लोगों की मौत हुई है। आमतौर पर हेलिकॉप्टर हादसे खराब मौसम की वजह से होते हैं। लेकिन यह भी वास्तविकता है कि तीर्थयात्रियों के लिए उड़ान भरने वाले हेलिकॉप्टरों की गुणवत्ता का भी समय समय पर निरीक्षण नहीं किया जाता है।
