Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हिमंता चुने गए नेता, कल लेंगे शपथ

गुवाहाटी। हिमंत बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनेंगे। रविवार को उनको फिर से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में सरमा को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद सरमा ने नड्डा के साथ जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने उनको मंगलवार, 12 मई को सरकार बनाने का न्योता दिया।

हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को सुबह 11 बजे लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित  भाजपा के शीर्ष नेता, केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री शामिल होंगे। पार्टी के नेताओं ने बताया कि 12 तारीख को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। यह एक ऐतिहासिक पल होगा।

गौरतलब है कि असम में भाजपा ने इस बार के चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। उसने जीत की हैट्रिक लगाई और पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया है। भाजपा को इस बार 82 सीटें मिली हैं, जबकि 126 सदस्यों की विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 64 सीट का है। भाजपा की सहयोगी पार्टियों को 20 सीटें मिली हैं। कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों को सिर्फ 21 सीटें मिलीं। तीन सीटें अन्य के खाते में गई हैं।

Exit mobile version