Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण हादसा, 13 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यह हादसा धाणीवरी इलाके के पास हुआ, जहां बारातियों से भरे टेंपो और एक तेज रफ्तार कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। 

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “यह बेहद दुखद है कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर के दहानू में एक दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई, जब एक टेम्पो की टक्कर एक कंटेनर से हो गई। इस घटना के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उन सभी के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

उन्होंने आगे कहा इस घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं। उन्हें कासा के उप-जिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मैं जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर मौजूद थे। वहां बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायलों की हालत में शीघ्र सुधार हो। राज्य सरकार इस घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

Also Read : सुवेंदु कैबिनेट का बड़ा फैसला : सातवें वेतन आयोग को मंजूरी

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट के आसपास यह हादसा हुआ। बारातियों से भरा टेंपो दहानू के बापू गांव से धाणीवरी में एक शादी समारोह में जा रहा था। जैसे ही यह वाहन धाणीवरी इलाके के पास पहुंचा, तभी सामने से गुजरात की ओर से मुंबई जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर बारातियों से भरे टेंपो पर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरे मलबे और घायल लोगों को देखकर वहां मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।

मृतकों में सुरेश रत्ना लाखात, पांडू गणपत लाखात, काळू गोविंद लाखात, सुनील अर्जुन दांडेकर, चिमा गोविंद कुरहाडा, नमिता विठ्ठल दांडेकर, सारिका संतोष लाखात, आयुष सिताराम लाखात, सागर नामदेव शेंडे, वंदना शिवराम वलवी, सलोनी शिवराम वलवी, अजय अहाडी और रियांशी संतोष लाखात शामिल हैं।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version