Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

होटल में आग मामले में मालिक रिमांड पर

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में होटल फ्लरिश में लगी आग के मामले में होटल के मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। बजाज को पुलिस ने दिल्ली कोर्ट में पेश किया और रिमांड पर लेने के बाद पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक बजाज ने पूछताछ में कई खुलासा किए हैं। आग लगने की घटना के दूसरे दिन पुलिस ने कई टीम बना कर होटल के मैनेजर की तलाश तेज कर दी है। इस बीच दिल्ली सरकार ने सभी मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपए और घायलों के लिए पांच लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है।

पुलिस ने बताया है कि आग लगने के दौरान होटल का मालिक बजाज अपनी कार से जलती हुई इमारत के पास से गुजरा, लेकिन लोगों की मदद करने की बजाय वहां से भाग गया। उसने बताया कि वह डर के कारण मौके से भाग गया था। उसने यह भी माना कि उसने न तो किसी की मदद की और न ही घर गया। इसके बजाय वह शहर में इधर उधर घूमता रहा।

गौरतलब है कि बुधवार को लगी इस भीषण आग ने पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 12 विदेशी नागरिक हैं। घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस ने बजाज को हिरासत में लिया था। गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज ने बताया कि वह खुद होटल की निगरानी नहीं करता था। उसने होटल के मैनेजमेंट, बिलिंग और अकाउंट्स का काम किसी और व्यक्ति को दिया था। गौरतलब है कि होटल में पांच कमरे बनाने की इजाजत थी लेकिन वहां 25 कमरे बने थे।

Exit mobile version