Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

छात्र आत्महत्या मामला: आईआईटी मुंबई के डीन सूर्यनारायण डूला पद से हटाए गए

मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) ने छात्र की आत्महत्या के मामले में सोमवार को डीन सूर्यनारायण डूला को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया।

संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे ने एक आधिकारिक ईमेल जारी कर बताया कि वर्तमान में डीन (प्रशासनिक मामले) के तौर पर कार्यरत प्रोफेसर डूला को पद से हटा दिया गया है। निदेशक ने कहा आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी। इससे पहले प्रोफेसर डूला डीन (छात्र मामलों) के पद पर तैनात थे।

अधिकारियों के अनुसार, ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल रवींद्र वाकोडे (22) का शव शुक्रवार शाम आईआईटी मुंबई के पवई परिसर स्थित छात्रावास के कमरे में पंखे से बनाए गए फंदे पर लटका मिला था।

Also Read : राहुल ने लड़कियों की सुरक्षा को लेकर बिहार सरकार से मांगा जवाब

आरोप है कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ ही घंटे बाद वाकोडे ने आत्महत्या कर ली।

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के निवासी छात्र के परिवार ने आरोप लगाया है कि वाकोडे को संस्थान में प्रताड़ित किया गया और उसे जातिगत भेदभाव तक झेलना पड़ा जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। छात्र की आत्महत्या के बाद परिसर में छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वाकोडे को निलंबित करने की धमकियां दी गईं।

छात्र के माता-पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने शनिवार को भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के मुताबिक, मामले में एक प्रोफेसर को आरोपी बनाया गया है और अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version