देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ल-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 213 किलोमीटर के इस एक्सप्रेसवे के निर्माण पर 12 हजार करोड़ रुपए की लागत आई है। इसमें 12 किलोमीटर का वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर भी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली से देहरादून का रास्ता सिर्फ ढाई घंटे का रह जाएगा।
इस एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इसमें उन्होंने महिला आरक्षण का मुद्दा उठाया। मोदी ने कहा, ‘चार दशकों से महिला, बेटियां अपने हक का इंतजार कर रही है। अब वह समय आ गया है। हम अपने देश की बेटियों को 2029 के चुनावों में उनका हक देकर रहेंगे। इसके लिए हम संसद में महिला आरक्षण बिल ला रहे हैं’।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कभी उत्तराखंड के गांव में सड़क के इंतजार में पीढ़ियां बदल जाती थीं। आज डबल इंजन सरकार के प्रयास से सड़क गांव तक पहुंच रही है। जो गांव वीरान थे आज फिर बस रहे हैं’। प्रधानमंत्री ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के साथ एशिया के सबसे लंबे 12 किलोमीटर के एलिवेटेड वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने रोड शो भी किया। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि एक्सप्रेसवे और इकोनॉमिक कॉरिडोर विकास के गेटवे हैं। इससे समय और खर्च दोनों कम होंगे। रोजगार बढ़ेगा और किसानों की उपज तेजी से बाजार तक पहुंचेगी, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
