Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत-अमेरिका समझौता अप्रैल से लागू होगा

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के कानूनी दस्तावेज पर विचार के लिए 23 फरवरी से तीन दिन की अहम बैठक शुरू होने वाली है। यह बैठक अमेरिका में होगी, जिसमें भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में शामिल रहे अधिकारी हिस्सा लेंगे। उस अहम बैठक से पहले वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को बताया कि अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौता यानी ईटीए फरवरी के अंत तक फाइनल हो जाएगा। मार्च में इस पर दस्तखत होंगे और अप्रैल से ये समझौता पूरी तरह लागू हो जाएगा।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत आने वाले कुछ महीनों में दुनिया के कई बड़े देशों साथ व्यापारिक समझौतों को अंतिम रूप देगा। अगले कुछ महीनों में इन समझौतों पर अंतिम मुहर लगेगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल में ब्रिटेन और ओमान के साथ भी मुक्त व्यापार समझौता शुरू होने की उम्मीद है। बहरहाल, 23 फरवरी से भारत और अमेरिका के अधिकारियों की जो बैठक होगी उसका मकसद सात फरवरी को जारी ‘साझा बयान’ के आधार पर कानूनी ड्राफ्ट तैयार करना है।

वाणिज्य मंत्रालय के मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन भारतीय अधिकारियों की टीम का नेतृत्व करेंगे। गौरतलब है कि दोनों देशों ने समझौते का फ्रेमवर्क जारी किया था और उसके बाद एक फैक्टशीट जारी हुई। अब इस पर अंतिम मुहर लगाने की तैयारी की जा रही है। गौरतलब है कि वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सात फरवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिका के साथ व्यापार संधि की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि भारतीय कृषि उत्पाद अमेरिका में जीरो टैरिफ पर निर्यात किए जाएंगे, जबकि अमेरिका के कृषि उत्पादों को भारत में कोई टैरिफ छूट नहीं दी गई है। हालांकि इसके बाद भी कृषि सेक्टर को लेकर संदेह बना हुआ है।

Exit mobile version