नई दिल्ली। दिवाली के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर सहित देश के ज्यादातर शहरों में भयंकर प्रदूषण है। पूरा देश गैस चैम्बर में तब्दील हो गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 शहर भारत के हैं। एक्यूआई डॉट इन के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार की सुबह 10 बजे राजस्थान का श्रीगंगानगर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा। वहां वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 821 दर्ज किया गया।
दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में भारत के अलावा सिर्फ पाकिस्तान का लाहौर शामिल था। लाहौर 430 एक्यूआई के साथ 14वें स्थान पर रहा। राजधानी दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में तीन सौ से ऊपर एक्यूआई दर्ज किया गया। दिवाली की रात को दिल्ली में एक्यूआई दो हजार तक पहुंचने की खबर है। हालांकि सरकारी आंकड़े पांच सौ से नीचे एक्यूआई बताते रहे। चार सौ से ऊपर एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
बहरहाल, मंगलवार को दिल्ली में सुबह सात बजे चांदनी चौक का एक्यूआई चार के ऊपर रहा। औसत एक्यूआई भी तीन सौ से ऊपर दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के भोपाल, उज्जैन और हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी एक्यूआई चार सौ के पार पहुंच गया है। दिल्ली से सटे नोएडा में 332, बुलंदशहर में 331 और गाजियाबाद में 324 एक्यूआई दर्ज किया गया। एक तरफ हवा की गुणवत्ता खराब होती जा रही है तो दूसरी ओर ठंड भी बढ़ रही है। कई शहरों में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली और एनसीआर में गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण पर चिंता जताई है। अदालत ने कहा है कि गाड़ियों से निकलने वाले धुएं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इस पर तुरंत कदम उठाने की जरूरत है। इस मामले में सर्वोच्च अदालत ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सरकारों के साथ दिल्ली नगर निगम और दिल्ली पुलिस से भी जवाब मांगा है। कोर्ट ने पूछा है कि तय उम्र पूरी कर चुकी और प्रदूषण मानकों का पालन नहीं करने वाली गाड़ियों की एंट्री और उनके चलने पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची व जस्टिस वी मोहना की बेंच ने कॉमर्शियल और निजी गाड़ियों के लिए लागू नियमों और उन्हें लागू करने की व्यवस्था का ब्योरा मांगा है। अदालत ने खास तौर पर पड़ोसी राज्यों से दिल्ली और एनसीआर में आने वाली गाड़ियों पर जानकारी देने को कहा गया है।
