नई दिल्ली। जापान में चल रहे एशियाई खेलों में भारत भले पदक तालिका में आठवें पायदान पर है। लेकिन क्रिकेट और हॉकी में भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल किया है। पुरुषों के हॉकी मुकाबले में भारत ने एक रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। भारत ने गुरुवार को सेमीफाइनल पाकिस्तान को तीन के मुकाबले चार गोल से हराया। उधर पुरुषों की क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
गुरुवार के हॉकी सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में अभिषेक ने मैच के आखिरी मिनट में गोल कर भारत को जीत दिलाई। गोल्ड मेडल के लिए तीन अक्टूबर को भारत का सामना मलेशिया से होगा। मलेशिया ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराया है। बहरहाल, भारत ने मैच के 23वें मिनट तक 3-0 की बढ़त बना ली थी। लेकिन इसके बाद पाकिस्तान ने अगले 26 मिनट में तीन गोल कर मैच 3-3 से बराबर कर दिया। आखिरी मिनट तक मैच बराबरी पर था। फाइनल हूटर बजने से करीब 50 सेकेंड पहले अभिषेक ने फील्ड गोल कर भारत को जीत दिला दी।
उधर भारत ने एशियाई खेलों के पुरुषों के क्रिकेट के फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 45 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। अब फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमें गोल्ड मेडल के लिए आमने सामने होंगी।
इस साल के एशियाई खेलों के 12वें दिन गुरुवार को भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर है। उसके पास 64 मेडल हो गए हैं। इनमें 10 गोल्ड, 22 सिल्वर और 32 ब्रॉन्ज शामिल हैं। गुरुवार को भारत के नीतेश सिवाच ने पुरुषों के 97 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। जापान के यूरी नाकाजातो ने इस मुकाबले में गोल्ड जीता।
