Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दुनिया में सबसे ज्यादा गर्म भारत

लू

नई दिल्ली। इस साल की गर्मी भारत में रिकॉर्ड तोड़ रही है। एक दिन पहले यानी गुरुवार तक दुनिया के तीन सबसे गर्म शहरों में एक भारत का था और पांच सबसे गर्म शहरों में दो भारत के थे। लेकिन शुक्रवार को दुनिया के सबसे गर्म 22 शहरों में तापमान 47 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया और सभी 22 शहर भारत के थे। देश के ज्यादातर हिस्सों में खास कर उत्तर भारत में आसमान से आग बरस रही है और लोगों का जीवन बेहाल हुआ है।

राजधानी दिल्ली सहित देश के दूसरे कई हिस्सों में भयानक गर्मी के साथ प्रदूषण का खतरा भी बढ़ रहा है। दिल्ली में तो प्रदूषण इतना बढ़ गया कि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप का पहला चऱण लागू करना पड़ा। बहरहाल, एक एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर तीन बजे दुनिया के 22 सबसे गर्म शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया और ये सभी शहर भारत के हैं। इनमें 13 शहर उत्तर प्रदेश के हैं। चिंता की बात यह है कि अगले तीन दिन तक इस गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

शुक्रवार को ओडिशा का बोलांगीर और बिहार का सासाराम में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि देश के 35 शहरों में गुरुवार को रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। रात का तापमान इतना बढ़ने हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। दिल की बीमारी वाले लोगों के लिए ऐसे में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।

बहरहाल, बढ़ती गर्मी के कारण राज्यों में सरकारों ने इससे निपटने के उपाय भी शुरू कर दिए हैं। बिहार के पटना और गयाजी में गर्मी के कारण 22 से 26 मई तक पांचवी तक के स्कूल बंद किए गए हैं। पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदल दिया है। अब दफ्तर और स्कूल सुबह साढ़े सात बजे खुलेंगे और दोपहर डेढ़ बजे बंद होंगे। राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। बताया गया है कि रातें भी गर्म रहेंगी। इसका अर्थ है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर कम होगा।

इस बीच शुक्रवार को मौसम विभाग ने अगले तीन दिन का अलर्ट जारी किया। इसके मुताबिक छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव चलेगी। उत्तर प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज सहित 10 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि देश के पूर्वी व पूर्वोत्तर के साथ साथ दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का भी अलर्ट है। साथ ही यह भी बताया गया है कि मानसून एक ही जगह अटका है और आगे नहीं बढ़ रहा है।

Exit mobile version