Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत-अमेरिका में वार्ता चल रही है

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कई मुद्दों पर भारत और अमेरिका के बीच वार्ता चल रही है और संबंधित विभाग अमेरिका के अपने समकक्ष के संपर्क में हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एच 1बी वीजा की फीस बढ़ाने से जुड़े एक सवाल पर कहा कि विदेश मंत्रालय और वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास अमेरिकी प्रशासन से संपर्क में हैं और सभी पहलुओं पर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि कुशल पेशेवरों की अमेरिका आवाजाही से दोनों देशों को फायदा होता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने दवाओं पर एक सौ फीसदी टैरिफ लगाने के फैसले पऱ भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता चल रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के संबंधित विभाग इस मामले को समझ रहे हैं। जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में नाटो प्रमुख मार्क रुट के उस बयान को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की है। जायसवाल ने कहा कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने नाटो से सावधानी से बयान देने को कहा। साथ यह भी कहा कि भारत अपने लोगों के लिए सस्ती बिजली और देश की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाता रहेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि तुर्किए के कश्मीर मुद्दा उठाने के जवाब में भारत ने भी साइप्रस का मुद्दा उठाया है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हाल ही में साइप्रस के विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस से बात की है। इस दौरान उन्होंने साइप्रस विवाद को संयुक्त राष्ट्र संघ के नियमों के मुताबिक हल करने की बात कही है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले तुर्किए के राष्ट्रपति एर्दोआन ने संयुक्त राष्ट्र में जम्मू कश्मीर का मुद्दा उठाया था।

Exit mobile version