Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ईरानी हमले में भारतीय नागरिक की मौत

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में एक तरफ ईरान और अमेरिका शांति की वार्ता कर रहे हैं तो दूसरी ओर रूक रूक कर हमले भी कर रहे हैं। ऐसे ही एक हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई है। भारत ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। गौरतलब है कि ईरान ने एक ड्रोन से कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला किया, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। इनमें कई लोगों की हालत गंभीर है। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना पर शोक जताया है।

कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि, कई लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। ड्रोन हमले से एयरपोर्ट के टर्मिनल एक को भारी नुकसान पहुंचा। इसके बाद सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय के लिए एयरपोर्ट ट्रैफिक रोक दिया गया। इससे पहले अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने बताया था कि ईरान ने कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैनिकों पर फिर ड्रोन हमले किए। हालांकि, सारे हमले नाकाम हो गए।

दूसरी ओर ईरान ने अमेरिका के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें अमेरिकी कार्रवाई को रक्षात्मक बताया गया था। ईरान का कहना है कि यह सीधा हमला है और युद्धविराम का उल्लंघन है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अगर कोई देश अपनी जमीन या वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान पर हमला करने के लिए करने देगा, तो ईरान उसी जगह जवाबी कार्रवाई करेगा।

इस बीच उधर अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना है कि उन्होंने सोमवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ फोन पर बातचीत के दौरान उन्हें ‘पागल’ कहा था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह नेतन्याहू की इज्जत करते हैं और उनके साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं। नेतन्याहू के खिलाफ ट्रंप की गाली गलौज वाली खबर सबसे पहले अमेरिकी वेबसाइट ‘एक्सियोस’ ने सोमवार को प्रकाशित की थी। हालांकि इजराइली अधिकारियों ने इस रिपोर्ट का खंडन किया था। अब राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद इसकी पुष्टि कर दी है।

Exit mobile version