Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारतीय कंपनियों ने रोकी सऊदी की उड़ानें

नई दिल्ली। भारतीय विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब की उड़ानों में बड़ी कटौती की है। यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से हो रहे हमले के कारण सऊदी अरब में खतरा बढ़ रहा है और इसे देखते हुए एयर इंडिया, इंडिगो और आकासा एयर ने अपनी उड़ानों में कटौती की है। इंडिगो ने तो 30 नवंबर तक देश के चार प्रमुख शहरों के लिए अपनी सभी उड़ानें रद कर दी हैं।

इंडिगो ने जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम से आने जाने वाली सभी उड़ानों का संचालन फिलहाल स्थगित कर दिया है। विमानन कंपनी ने बताया कि उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के दौरान दिए गए संपर्क विवरण जरिए इसकी जानकारी दी जा रही है। कंपनी ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों का आकलन कर रही है। यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उसने यह भी कहा कि उसके लिए यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर है।

गौरतलब है कि सऊदी अरब में हाल के दिनों में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं। देश के विभिन्न शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमलों की धमकियों के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। तभी विमानन कंपनियों ने उड़ानों के संचालन की समीक्षा की हैं। कई कंपनियों ने अपनी सेवाओं को स्थगित करने या उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव करने का फैसला किया है।

इंडिगो के अलावा अन्य भारतीय विमानन कंपनियोंने भी सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों में बदलाव किया है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद और दम्माम के लिए अपनी सेवाएं 30 नवंबर तक स्थगित कर दी हैं। वहीं, जेद्दा के लिए उनकी उड़ानें अलग अलग समयसीमा के तहत प्रभावित हैं। इसी तरह अकासा एयर ने भी जेद्दा और रियाद के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन नवंबर के अंत तक बढ़ा दिया है।

Exit mobile version