Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

इंडिगो ने परेशान किया, दूसरी कंपनियों ने लूटा

नई दिल्ली। शुक्रवार का दिन भारत के विमान यात्रियों के लिए दुःस्वप्न की तरह रहा। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने मनमाने तरीके से एक हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दीं, जिसके बाद दूसरी विमानन कंपनियों ने यात्रियों को लूटना शुरू कर दिया। इंडिगो के अलावा दूसरी विमानन कंपनियों के किराए में शुक्रवार को असाधारण उछाल देखने को मिला। यात्री किराए में 10 गुना तक की बढ़ोतरी हो गई। अनेक यात्रियों ने टिकट की कीमत का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया में शेयर किया।

दिल्ली से रांची जाने का किराया 60 हजार रुपए से ज्यादा हो गया। हवाईटिकट्स की बुकिंग साइट्स पर बेंगलुरू के लिए सबसे सस्ता किराया 40 हजार रुपए का था। कई विमानन कंपनियों का बेंगलुरू तक की टिकट की कीमत 80 हजार रुपए थी। डीजीसीए ने इंडिगो के सामने नियमों के मामले में घुटने टेके और दूसरी कंपनियों को भी किराए में अनापशनाप बढ़ोतरी से नहीं रोक पाया। शुक्रवार को देश भर के हवाईअड्डों पर लाखों लोग परेशान हुए।

Exit mobile version