नई दिल्ली। इंडिगो के विमानों का परिचालन प्रभावित होने के तीन महीने बाद देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी के मुख्य कार्यकाऱी अधिकारी यानी सीईओ पीटर एलबर्स ने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी की ओर से मंगलवार, 10 मार्च को बाजार नियामक को इसकी जानकारी दी गई है। एलबर्स का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया गया और उनके बाद अब कंपनी के संस्थापक और मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया अंतरिम तौर पर कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गौरतलब है कि तीन महीने पहले पिछले साल दिसंबर में इंडिगो को बड़े संकट का सामना करना पड़ा था। उस दौरान करीब तीन लाख यात्री फंसे रह गए थे, जिसके बाद नागरिक विमानन निदेशालय यानी डीजीसीए ने कंपनी पर 22.20 करोड़ रुपए का भारी जुर्माना लगाया था। केंद्र सरकार के विमानन मंत्रालय ने भी सीईओ सहित अन्य अधिकारियों को बुला कर सख्त निर्देश दिए थे और उसके रूट्स में कटौती की गई थी।
बहरहाल, इंडिगो ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया, कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मंगलवार को हुई मीटिंग में सीईओ पीटर एलबर्स के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया गया है। उन्हें आज बिजनेस ऑवर्स खत्म होने के बाद जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह राहुल भाटिया कंपनी के मामलों का मैनेजमेंट देखेंगे। राहुल भाटिया को लिखे अपने इस्तीफे में पीटर एलबर्स ने पद छोड़ने के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने कंपनी से अपना नोटिस पीरियड खत्म करने की भी अपील की ताकि वे तत्काल प्रभाव से पद मुक्त हो सकें।
