Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

इंडिगो की उड़ानें महंगी होंगी

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने एक बार फिर अपनी उड़ानों का किराया बढ़ा दिया है। इस साल इंडिगो ने तीसरी बार किराया बढ़ाया है। कंपनी के मुताबिक मंगलवार, छह अक्टूबर से इंडिगो की सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें महंगी हो जाएंगी। कंपनी ने घरेलू उड़ानों में 13 सौ रुपए तक और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 10 हजार रुपए तक एक्स्ट्रा फ्यूल चार्ज लगाने का ऐलान किया है।

नई कीमतें छह अक्टूबर रात 12 बजे से लागू हो जाएंगी। इंडिगो ने छह महीने में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। इससे पहले कंपनी ने इस साल 14 मार्च और फिर एक अप्रैल को किराया बढ़ाया था। विमानन कंपनी के मुताबिक, यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल, एटीएफ यानी जेट फ्यूल महंगा होने से किया गया है। गौरतलब है कि एक अक्टूबर से घरेलू विमानन कंपनियों के लिए जेट फ्यूल की कीमत 121 से बढ़ कर अब 137 रुपए हो गई है। यानी एक लीटर जेट फ्यूल की कीमत 16 रुपए बढ़ी है। इंडिगो के मुताबिक, पिछले एक ही महीने में जेट फ्यूल के दाम 14 फीसदी से ज्यादा बढ़ चुके हैं। इसके चलते प्लेन में इस्तेमाल होने वाला ईंधन अब पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा महंगा हो गया है।

Exit mobile version