नई दिल्ली। पाकिस्तान और ओमान के दौरे के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस पहुंचे थे, जहां उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। अराघची से मुलाकात में रूस ने ईरान के प्रति खुला समर्थन जताया। रूसी मीडिया के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि ईरानी जनता साहस और वीरता के साथ अपनी आजादी और संप्रभुता के लिए लड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का संदेश मिला है।
रूसी मीडिया के मुताबिक, अराघची और पुतिन के बीच अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान पुतिन ने कहा कि रूस को उम्मीद है कि ईरानी जनता मौजूदा मुश्किल दौर का सामना करेगी और देश में शांति कायम होगी। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि रूस ईरान और क्षेत्र के अन्य देशों के हित में हरसंभव कोशिश करेगा।
इससे पहले अराघची दो दिन के भीतर दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचे थे। ओमान के राष्ट्रपति से मिलने के बाद अराघची इस्लामाबाद वापस लौटे थे। इस्लामाबाद में पाकिस्तान के नेताओं से मिलने के बाद वे मॉस्को रवाना हुए थे। पाकिस्तान में उन्होंने अमेरिका के साथ बातचीत की शर्तें और अपनी आपत्तियां बताई थीं, जिसे पाकिस्तान ने अमेरिका तक पहुंचा दिया है। हालांकि ईरान की संसद यानी मजलिस के एक सदस्य ने कहा है कि पाकिस्तान मध्यस्थ होने के लायक नहीं है। वह अमेरिका की ओर झुका हुआ है।
