Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अनंत सिंह को जदयू ने निकाला, सदस्यता भी जाएगी

पटना। बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। उनको जनता दल यू ने पार्टी से निकाल दिया है और स्पीकर से उनकी सदस्यता खत्म करने की सिफारिश की है। विधान परिषद के चुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करने और पार्टी नेताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के कारण उनको निकाला गया है। उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी पार्टी से निकाल दिया गया है।

पटना स्नातक सीट के लिए हुए चुनाव में उन्होंने पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करते हुए जनसुराज पार्टी के अनुज सिंह का समर्थन किया था। मतदान खत्म होने के एक दिन बाद शनिवार को उनकी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए, उन्हें अगले छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने आदेश जारी किया।

जदयू ने सिर्फ अनंत सिंह ही नहीं, बल्कि उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी पार्टी से निष्कासित किया है। साथ ही उनकी भी प्राथमिक सदस्यता छह साल के लिए रद्द कर दी है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की ओर से स्पीकर को लिखी चिट्ठी में अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की गई है। पार्टी ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता तत्काल रद्द करने की सिफारिश की है।

Exit mobile version