नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ पद से इस्तीफा देने के 12 दिन के बाद जेन्सेन हुआंग की एक बार फिर कंपनी में वापसी हो गई है। कंपनी के बोर्ड ने फिर से उनको पुराने सारे पद और अधिकार लौटाने का फैसला किया है। बोर्ड के इस फैसले के बाद हुआंग ने ‘बड़ी विनम्रता और नए संकल्प’ के साथ काम करने का ऐलान किया। उनकी वापसी की सूचना के बाद सिर्फ 10 मिनट में कंपनी के शेयरों में 27 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
गौरतलब है कि एक चीनी महिला के साथ रिश्ते और एनवीडिया के एडवांस चिप चीन को भेजे जाने के विवाद की वजह से जेन्सेन हुआंग ने 12 नंवबर को कंपनी के सीईओ का पद छोड़ दिया था। उस समय खबर आई थी कि चीनी महिला एलिस हुआंग एक जासूस थी, जो सिंगापुर में चीन की फ्रंट कंपनी मेगास्पीड के लिए काम करती थी। उसके जरिए एनवीडिया की एडवांस चिप चीन के पास पहुंच गई थी। हालांकि इन आरोपों के बावजूद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चाहते थे कि जेन्सेन को फिर से सीईओ बनाया जाए।
बोर्ड ने उनकी इच्छा पूरी कर दी है। खबर है कि एनवीडिया के बोर्ड ने अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने का फैसला किया है। बोर्ड का कहना है कि हुआंग की वापसी से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। हालांकि, विदेशी खुफिया एजेंसी से जुड़े मामले में उनके खिलाफ जांच जारी रहेगी। अंतिम नतीजे तक पहुंचने तक जांच जारी रहेगी।
कंपनी में वापसी के बाद जेन्सेन हुआंग ने कहा कि एनवीडिया जैसी बड़ी और महत्वपूर्ण तकनीकी कंपनी का नेतृत्व करने के लिए लौटना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा, ‘दुनिया में एक नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत हो रही है। ऐसे समय में मैं इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और नए संकल्प के साथ स्वीकार करता हूं’। हुआंग ने बोर्ड का भरोसा जताने और पूरी प्रक्रिया के दौरान उनका साथ देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने हार्वे जोन्स, कोलेट क्रेस और कंपनी की वरिष्ठ टीम की भी तारीफ की, जिन्होंने इस दौरान एनवीडिया को संभाला। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों, शेयरधारकों, तकनीकी क्षेत्र के लोगों और दुनिया भर के साझेदारों का भी आभार जताया। साथ ही अपने परिवार के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
हुआंग की वापसी के फैसले के साथ ही एनवीडिया ने राष्ट्रीय सुरक्षा और दूसरे देशों को सामान भेजने से जुड़े नियमों पर नजर रखने के लिए एक नई समिति बनाई है। इसमें केवल स्वतंत्र निदेशकों को शामिल किया गया है। यह समिति देखेगी कि कंपनी व्यापार से जुड़े नियमों का सही तरीके से पालन कर रही है या नहीं। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े खतरों पर भी नजर रखेगी। इसके लिए कंपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों के जानकार कानूनी सलाहकारों की मदद ले रही है।
