कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में रेलवे स्टेशन पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। शनिवार को स्टेशन पर बन रही दोमंजिला इमारत की छत गिर गई। मलबे में 40 से ज्यादा मजदूर दब गए। देर शाम तक मजदूरों के मलबे से निकाल लिया गया। हादसे में किसी की जान नहीं गई है लेकिन कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 20 से ज्यादा मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया तो कुछ मजदूरों को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया।
बताया गया है कि साधारण रूप से घायलों को 50 हजार रुपए और गंभीर रूप से घायलों को ढाई लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया गया है। बताया गया है कि स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत दो मंजिला नई इमारत बन रही थी। शनिवार सुबह अचानक पूरा लिंटर ढह गया। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर सुभ्रांत कुमार शुक्ला और एसपी बिनोद कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेशन पर पहुंच कर बचाव कार्य का मुआयना किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंच कर राहत काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। रेलवे ने दो कोच वाली विशेष ट्रेन से बचाव दल कन्नौज स्टेशन भेजा गया। बताया गया है कि कन्नौज रेलवे स्टेशन की पुरानी इमारत से सटा कर नई इमारत का निर्माण कराया जा रहा है। खबरों के मुताबिक 13 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन के वेटिंग एरिया का हॉल बनाया जा रहा है। इसके लिए एक साल से काम चल रह है।