ढाका/नई दिल्ली। बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी, बीएनपी की प्रमुख खालिदा जिया को बुधवार को सुपुर्द ए खाक किया गया। उनकी अंतिम विदाई में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर भी शामिल हुए। खालिदा जिया को संसद परिसर स्थित जिया उद्यान में उनके पति और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र के पास दफनाया गया। खबर है कि उनके जनाजे में शामिल होने के लिए देश भर से करीब 10 लाख लोग जुटे।
गौरतलब है कि खालिदा जिया का मंगलवार सुबह 80 साल की उम्र में निधन हो गया था। वे पिछले करीब 20 दिनों से अस्पताल में वेंटिलेटर पर थीं। उनके निधन पर बांग्लादेश सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। इस दौरान पूरे देश में सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित रहेंगे। उनके अंतिम संस्कार में अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार डॉ. मोहम्मद यूनुस सहित अन्य अधिकारी और नेता मौजूद रहे।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिख कर खालिदा जिया के परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने उनके बेटे तारिक रहमान के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा, ‘ढाका पहुंचने के बाद, मैंने बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान से मुलाकात की, जो बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे हैं। मैंने उन्हें प्रधानमंत्री मोदी का एक निजी पत्र सौंपा और भारत सरकार व भारत की जनता की तरफ से संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुझे पूरा विश्वास है कि बेगम खालिदा जिया के विचार और आदर्श, भविष्य में हमारे दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने का रास्ता दिखाएंगे’।
